रायगढ़ | 24 अप्रैल 2026
रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेहरामार में जमीन विवाद ने एक दर्दनाक और सनसनीखेज हत्या का रूप ले लिया। एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला की बेरहमी से हत्या कर शव को जंगल में फेंकने के मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
मृतका केवला बाई राठिया (70 वर्ष) बीते 4-5 दिनों से लापता थीं। 22 अप्रैल को उनके बेटे लोकनाथ राठिया ने थाना छाल में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए अपने चचेरे भाई आशन राठिया पर जमीन विवाद के चलते शक जताया। इसी दौरान गांव के पास जंगल में दुर्गंध आने और शव पड़े होने की सूचना मिली।
पुलिस मौके पर पहुंची तो झाड़ियों के बीच गड्ढे में महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान केवला बाई के रूप में हुई।
⚠️ कैसे हुई हत्या?
जांच में सामने आया कि जमीन बंटवारे को लेकर आरोपी आशन राठिया का अपनी बड़ी मां से लंबे समय से विवाद चल रहा था। 18 अप्रैल को महुआ बीनने के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसमें आरोपी ने हाथ-मुक्कों और लात-घूसों से हमला कर दिया। इस हमले में महिला की मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने शव को मोटरसाइकिल में लादकर जंगल में फेंक दिया, ताकि किसी को शक न हो।
🚔 पुलिस कार्रवाई
छाल थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही को हिरासत में लिया। सघन पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की। आरोपी आशन राठिया (36 वर्ष) को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा—
“जमीन या पारिवारिक विवाद में हिंसा किसी भी हालत में स्वीकार नहीं है। ऐसे जघन्य अपराधों पर पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई करेगी।”
.png)