रायगढ़ जिले के रैरूमाखुर्द क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक नाराजगी के चलते एक बेटे ने अपनी ही मां की फावड़े से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने अपने पिता पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर भाग निकले।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रैरूमाखुर्द निवासी गणपत दास महन्त ने पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका छोटा पुत्र आर्यन दास महन्त (20 वर्ष) परिवार में उपेक्षा महसूस करता था और इसी बात को लेकर अक्सर नाराज रहता था। 24 अप्रैल की रात परिवार के सभी सदस्य दुकान में सोए थे।
25 अप्रैल की सुबह आरोपी आर्यन ने शौच से लौटने के बाद अपनी मां फुलबाई महन्त (55 वर्ष) को दुकान से बाहर खींचकर जमीन पर गिराया और घर में रखे फावड़े से गर्दन पर लगातार वार कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद वह अपने पिता पर भी हमला करने दौड़ा, लेकिन वे मौके से भागकर पुलिस को सूचना देने में सफल रहे।
सूचना मिलते ही रैरूमाखुर्द पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विजय एक्का, प्रधान आरक्षक चिंतामणि कुर्रे एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश:
“क्षणिक आवेश में किया गया अपराध जीवनभर का पछतावा बन जाता है। कानून ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई करता है और पुलिस आरोपी को सख्त सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
.png)