जशपुर पुलिस ने तस्करों के चंगुल से बचाए 27 गौवंश, ट्रक छोड़ जंगल में भागे आरोपी

 

जशपुर। जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत गौ तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। थाना लोदाम क्षेत्र के ग्राम भलमंडा के पास पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक से 27 नग गौवंशों को सकुशल मुक्त कराया। पुलिस को देख तस्कर ट्रक छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने ट्रक जब्त कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 4 बजे लोदाम थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान रूपसेरा के पास नेशनल हाईवे पर जशपुर की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक क्रमांक JH-01.AR-7060 पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस टीम ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से भगाने लगा। इसके बाद पुलिस ने ट्रक का पीछा किया।

भलमंडा चौक के पास पुलिस को पीछा करते देख ट्रक में सवार आरोपी वाहन छोड़कर जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। जब पुलिस टीम ने ट्रक की जांच की तो उसमें 27 गौवंशों को बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। पुलिस ने सभी गौवंशों को सुरक्षित बाहर निकालकर पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

पुलिस ने मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1961 की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, आरक्षक बसंत खुटिया, सुरेन्द्र एक्का और गजानंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि लोदाम क्षेत्र में गौ तस्करी के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। “ऑपरेशन शंखनाद” आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post