जशपुर | 27 मई 2026।
जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना लोदाम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी के घर की बाड़ी से भारी मात्रा में अवैध गांजे के पौधे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से 40 नग गांजे के पौधे जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस को 26 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खिखिर टोली निवासी विजय सिंह अपने घर के आंगन से लगी बाड़ी में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रहा है। आरोपी ने पौधों को छिपाने के लिए चारों ओर प्लास्टिक नेट और साड़ी से घेरा बना रखा था।
सूचना मिलते ही थाना लोदाम पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने गवाहों और एफएसएल टीम के साथ मौके पर दबिश दी।
छापेमारी में क्या मिला
छापेमारी के दौरान पुलिस को आरोपी की बाड़ी में बड़े पैमाने पर गांजे के पौधे मिले। पुलिस ने पौधों को उखाड़कर गिनती की तो कुल 40 नग गांजे के पौधे बरामद हुए।
18 बड़े पौधे — अधिकतम ऊंचाई लगभग 4 फीट 7 इंच
22 छोटे पौधे — न्यूनतम ऊंचाई लगभग 2 फीट
कुल वजन — 3 किलो 646 ग्राम
अनुमानित कीमत — लगभग ₹1,82,300
पुलिस ने गांजे के सभी पौधों को जब्त कर आरोपी विजय सिंह (58 वर्ष) निवासी ग्राम लोदाम खिखिर टोली को हिरासत में लिया।
आरोपी ने कबूला अपराध
पूछताछ के दौरान आरोपी ने गांजे की खेती करना स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर थाना लोदाम में आरोपी के खिलाफ धारा 20(A) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, प्रधान आरक्षक अमित सिंह, आरक्षक बूटा सिंह, बसंत खुटिया, हेमंत कुजूर एवं महिला आरक्षक प्रतिमा तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी ने क्या कहा
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस नशे के कारोबारियों पर लगातार नजर रख रही है। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
