जशपुर पुलिस ने तस्करों के चंगुल से छुड़ाए 7 गौवंश, आरोपी जंगल से फरार

 

जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से सकुशल मुक्त कराया गया। मामला मनोरा चौकी क्षेत्र के ग्राम डहुकोना का है, जहां गौ तस्कर जंगल के रास्ते गौवंशों को पैदल हांकते हुए झारखंड की ओर ले जा रहे थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 मई की सुबह करीब 4:30 बजे चौकी लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति गौवंशों को बेरहमी से मारते-पीटते हुए जंगल के रास्ते झारखंड ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही मनोरा police टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

जंगल में पुलिस ने दो संदिग्धों को गौवंशों के साथ देखा। घेराबंदी होते ही आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से पुलिस ने 7 गौवंशों को सकुशल बरामद किया, जिनका पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।

मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1961 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

कार्रवाई में चौकी प्रभारी मनोरा सहायक उप निरीक्षक शांति प्रमोद टोप्पो, प्रधान आरक्षक वितीन भगत, आरक्षक शैलेन्द्र तोमर, रविन्द्र पैंकरा और जगजीवन राम यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौ तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post