शादी की पार्टी को लेकर घर में घुसकर मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार

 

रायगढ़, 19 मई 2026:

घरघोड़ा थाना क्षेत्र में शादी की पार्टी को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। प्रार्थिया श्रीमती धनमोती सारथी के घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।

श्रीमती धनमोती सारथी ने रिपोर्ट में बताया कि दिनांक 12.05.2026 को पड़ोसी रामकुमारी सारथी के पुत्र विनोद सारथी के विवाह समारोह में उनके परिवार को निमंत्रण दिया गया था। विवाह में जाने पर रामलाल सारथी ने बाद में पार्टी देने की बात कही और उन्हें वापस भेज दिया।

इसके बाद दिनांक 18.05.2026 की शाम, जब प्रार्थिया ने पार्टी के बारे में पूछताछ की, तो रामलाल सारथी नाराज हो गए। रात करीब 9 बजे रामलाल सारथी, मनोज सारथी और मंगल सिंह सारथी गुस्से में प्रार्थिया के घर पहुंचे। आरोपियों ने दरवाजा खोलने को लेकर गाली-गलौज की और जब दरवाजा नहीं खोला गया, तो डंडा लेकर घर का दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद भीतर घुसकर प्रार्थिया और उनकी बेटियों सुक्रिता एवं अनिता सारथी के साथ मारपीट की, जिससे सभी को चोटें आईं।

थाना घरघोड़ा में प्रार्थिया की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। आहतों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 1. रामलाल सारथी (45 वर्ष), 2. मंगल सिंह सारथी (58 वर्ष) और 3. मनोज सारथी (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।

थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में यह कार्रवाई हुई, जिसमें प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक और हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post