एक घंटे में दो वारदात, दोस्त पर चाकू से हमला और नाबालिग की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

 

जशपुर पुलिस ने एक घंटे के भीतर हुई दो गंभीर वारदातों का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पहले अपने दोस्त को शराब पिलाने के बहाने ले जाकर चाकू से हमला किया, फिर रास्ते में मिले एक नाबालिग लड़के की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार आरोपी सचिन राम (20 वर्ष) निवासी भागलपुर बरटोली, थाना सिटी कोतवाली जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

घटना 17 मई 2026 की बताई जा रही है। पहली वारदात दोपहर करीब 1:30 बजे ग्राम कोमडो में हुई, जहां आरोपी ने अपने दोस्त सूरज रजक को शराब पीने के बहाने मोटरसाइकिल से ले जाकर मंदिर के पास चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने कहा कि “मेरा लड़ने का मन कर रहा है” और फिर गाली-गलौज करते हुए सूरज की पीठ और माथे पर चाकू से वार कर दिया। बचाव के दौरान चाकू का आधा हिस्सा टूट गया। घायल युवक किसी तरह पास के मंदिर में छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

इसके करीब एक घंटे बाद आरोपी ने दूसरी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब 2:30 बजे आरोपी ने कृष्णा भगत (15 वर्ष) को रास्ते में रोककर जमीन पर पटक दिया और हाथ, मुक्के व लात से बुरी तरह मारपीट की। गंभीर चोट लगने के बाद घायल किशोर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने हत्या और चाकूबाजी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया, वहीं घायल युवक का उपचार कराया गया।

घटना के बाद से फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने भागलपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 109(1), 296, 351(2) और 118(1) के तहत अपराध दर्ज किया है।

मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी मोरध्वज देशमुख सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि हत्या और चाकूबाजी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post