महिला से अश्लील हरकत और धमकी देने वाला अधेड़ गिरफ्तार

 

रायगढ़ पुलिस ने महिला से अश्लील हरकत और जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अधेड़ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र की करीब 30 वर्षीय महिला ने 18 मई 2026 को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि वह अपने पति को खोजते हुए आरोपी माधो घोष उर्फ माधव यादव (65 वर्ष) निवासी ग्राम पतरापाली कोतरलिया के दुकान के पास पहुंची थी।

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने महिला को बैठाकर उसके पति को फोन से बुलाने की बात कही। कुछ देर बाद आरोपी ने दुकान का गेट बंद कर महिला को गलत नियत से पकड़कर अंदर ले जाने का प्रयास किया। महिला के विरोध और शोर मचाने पर वह किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर वहां से भाग निकली। जाते समय आरोपी ने घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

घर पहुंचने के बाद महिला ने पूरी घटना की जानकारी अपने पति और परिजनों को दी। इसके बाद महिला थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 75(1)(i) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

शशि मोहन सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त संदेश दिया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को कानून का कड़ा सामना करना होगा और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए रायगढ़ पुलिस प्रतिबद्ध है।

मामले की कार्रवाई अनिल सोनी और उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे सहित महिला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post