जशपुर में डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जेन सेवा का शुभारंभ, 11 आपातकालीन और 2 हाईवे पेट्रोल वाहन रवाना

 

जशपुर पुलिस द्वारा जिले में “एक्के नम्बर सब्बो बर” की अवधारणा पर आधारित डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जेन सेवा का शुभारंभ किया गया। पुलिस लाइन जशपुर में आयोजित कार्यक्रम में जिले को आबंटित 11 डायल-112 आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन (ERV) और 2 हाईवे पेट्रोल वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

कार्यक्रम में गोमती साय, रायमुनी भगत, रामप्रताप सिंह, शम्भूनाथ चक्रवर्ती, नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला कलेक्टर रोहित व्यास, डॉ. लाल उमेद सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गोमती साय ने कहा कि डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जेन योजना दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को त्वरित सहायता मिल सकेगी और पुलिस व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होगा।

विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि आधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह सेवा महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 सेवा का उपयोग करने की अपील की।

जिला कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि यह योजना शासन की जनकल्याणकारी सोच और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। एकीकृत आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली के माध्यम से पुलिस, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन और अन्य सेवाओं के बीच त्वरित समन्वय स्थापित होगा।

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जेन योजना के तहत मिले नए ERV और हाईवे पेट्रोलिंग वाहन आधुनिक तकनीकों से लैस हैं। इनमें GPS ट्रैकिंग सिस्टम, रियल-टाइम मॉनिटरिंग, मोबाइल डेटा टर्मिनल, वायरलेस संचार प्रणाली, डैश कैम और अन्य आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात सूचना पर निकटतम वाहन को तुरंत रवाना किया जाएगा।

डायल-112 सेवा “एक्के नम्बर सब्बो बर” की अवधारणा पर आधारित है, जिसमें पुलिस सहायता, मेडिकल इमरजेंसी, महिला एवं चाइल्ड हेल्पलाइन, आपदा सहायता और हाईवे इमरजेंसी सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। अब नागरिक केवल 112 नंबर डायल कर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

नागरिक 112 इंडिया मोबाइल ऐप, एसएमएस, ई-मेल, चैटबॉट, वेब रिक्वेस्ट और सोशल मीडिया के माध्यम से भी सहायता प्राप्त कर सकेंगे। राज्य और जिला स्तर पर अत्याधुनिक कमांड एवं कंट्रोल सेंटर 24 घंटे और सातों दिन कार्यरत रहेंगे।

जशपुर जिले में प्राप्त नए डायल-112 वाहनों को पत्थलगांव, बगीचा, कांसाबेल, कुनकुरी, तुमला, तपकरा, जशपुर, लोदाम, सन्ना, आस्ता और डायल-112 कंट्रोल रूम जशपुर में तैनात किया गया है, जो 24×7 सेवा प्रदान करेंगे।


अंत में डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल डायल-112 का उपयोग करें और सेवा का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post