मल्हार। क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मल्हार पुलिस ने ग्राम ठाकुरदेवा में छापेमार कार्रवाई कर एक आरोपी को भारी मात्रा में देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 93 पौवा देसी प्लेन शराब जब्त की है।
पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि ग्राम ठाकुरदेवा में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी बीच 15 जून को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने ग्राम ठाकुरदेवा पहुंचकर संदिग्ध स्थान की घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी अंजोर दास बंसल (35 वर्ष), पिता तुलाराम बंसल, निवासी ठाकुरदेवा, शराब को छिपाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 93 नग देसी प्लेन शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 16 लीटर 740 मिलीलीटर पाई गई।
जब्त शराब को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया और विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
कार्रवाई में उप निरीक्षक अवधेश सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज राजपूत, नुवास तिग्गा, आरक्षक रमेश साहू, किशन राय तथा विकास अंचल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

