सारंगढ़-बिलाईगढ़,
सारंगढ़-बिलाईगढ़,जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सरसीवा, सरिया, बिलाईगढ़ और सारंगढ़ थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 59 लीटर अवैध कच्ची महुआ एवं विदेशी शराब जब्त की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन रेड और चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले को नशामुक्त बनाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अवैध शराब तथा नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



