गुरु पूर्णिमा महोत्सव में गूंजा गुरु महिमा का संदेश, आचार्य पं. राजेन्द्र शर्मा बोले— गुरु के बिना जीवन अधूरा

बिर्रा में संस्कार भारती एवं शारदा संगीत विद्यालय ने किया भव्य आयोजन, गुरुजनों का हुआ सम्मान

बिर्रा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर संस्कार भारती जिला इकाई सक्ती एवं शारदा संगीत विद्यालय बिर्रा के संयुक्त तत्वावधान में आचार्य चाणक्य सभागार में भव्य गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा, भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों का संदेश देते हुए गुरुजनों का सम्मान किया गया।

मुख्य वक्ता भागवताचार्य आचार्य पं. राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि गुरु-शिष्य परंपरा सनातन धर्म की आत्मा है। भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण ने भी गुरुकुल में शिक्षा ग्रहण कर समाज को यह संदेश दिया कि गुरु के मार्गदर्शन के बिना ज्ञान की प्राप्ति संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देता, बल्कि जीवन को सही दिशा भी प्रदान करता है।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। शारदा संगीत विद्यालय के विद्यार्थियों ने संस्कार भारती का ध्येय गीत एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सभी अतिथियों का पुष्पहार, श्रीफल एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसंत कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि संस्कारों से ही समाज की पहचान बनती है और संस्कार भारती जैसे संगठन भारतीय संस्कृति को सहेजने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुरु शिष्य के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाता है। एक अक्षर का ज्ञान देने वाले गुरु का ऋण भी जीवनभर नहीं चुकाया जा सकता।

उन्होंने अपने गुरुजनों का स्मरण करते हुए कहा कि जीवन में जो भी सफलता मिली है, उसमें गुरुजनों के आशीर्वाद और मार्गदर्शन का सबसे बड़ा योगदान है। उन्होंने क्षेत्र के शिक्षकों और नागरिकों को भरोसा दिलाया कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी के सहयोग से कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम में हरिराम जायसवाल, दिलीप कुमार पाण्डेय, एकादशिया साहू, मणीलाल कश्यप सहित अन्य वक्ताओं ने भी गुरु पूर्णिमा की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान आचार्य पं. राजेन्द्र शर्मा एवं पं. दिलीप पाण्डेय का वैदिक रीति से पाद-पूजन एवं सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का संचालन महामंत्री मनोज कुमार तिवारी ने किया। समारोह में संगीत महाविद्यालय हसौद के प्राचार्य, संगीत गुरु, संस्कार भारती के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। सामूहिक गुरु पूजन और आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ

पत्रकारों ने किया बीईओ बसंत चतुर्वेदी का अभिनंदन

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पत्रकार जितेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में नवपदस्थ विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसंत कुमार चतुर्वेदी का पुष्पमाला, श्रीफल एवं शाल ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर जीवनलाल साहू, संजू साहू, राघवेन्द्र पाण्डेय, कमल खूंटे एवं डी.एन. देवांगन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे

Post a Comment

Previous Post Next Post