प्रथम संकुल आगमन पर बीईओ बसंत चतुर्वेदी का भव्य स्वागत, शैक्षणिक गुणवत्ता पर हुआ मंथन

 जांजगीर-चांपा
बम्हनीडीह, 31 जुलाई। नवपदस्थ विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री बसंत चतुर्वेदी के प्रथम संकुल आगमन पर संकुल केन्द्र झरना–मौहाडीह द्वारा शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल झरना में स्वागत एवं सम्मान समारोह, मासिक संकुल बैठक तथा शैक्षणिक कार्यशाला का संयुक्त आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी ने विभागीय कार्ययोजना, विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शिक्षकों की भूमिका तथा विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा उत्तीर्ण कराना नहीं, बल्कि बच्चों में समझ, तर्कशक्ति और व्यवहारिक ज्ञान का विकास करना है।

कार्यशाला के दौरान भाषा एवं साक्षरता (Foundational Literacy) तथा गणितीय कौशल (Foundational Numeracy) पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित दक्षताओं पर चर्चा करते हुए अक्षर एवं ध्वनि पहचान, प्रवाहपूर्ण पठन, पठन-बोध, लेखन कौशल, 20 एवं 25 तक पहाड़े, संख्याज्ञान, जोड़-घटाव, गुणा-भाग, भिन्न, दशमलव, अनुपात, प्रतिशत तथा दैनिक जीवन में गणित के उपयोग पर शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि विद्यार्थियों में रटने की प्रवृत्ति समाप्त कर उन्हें समझ के साथ पढ़ने, तार्किक सोच विकसित करने तथा जीवनोपयोगी गणितीय समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रेरित किया जाए।

कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों से शैक्षणिक तैयारियों के साथ विद्यालयों में नवाचार अपनाने, निर्धारित दक्षताओं के अनुरूप अध्यापन करने तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सतत सुधार लाने का आह्वान किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post