कुनकुरी में 150 मोबाइल की बड़ी चोरी का खुलासा, झारखंड से एक आरोपी गिरफ्तार

 


चोरी के मोबाइल की बरामदगी के लिए तलाश तेज

जशपुर। कुनकुरी में मोबाइल दुकान का शटर काटकर करीब 150 मोबाइल फोन चोरी किए जाने के मामले में जशपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर झारखंड तक पहुंच बनाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तौसीफ रजा (35 वर्ष), निवासी मुर्गीटोली, मध्य नारायणपुर, थाना राजमहल, जिला साहेबगंज, झारखंड के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक 11 अगस्त की रात कठौतिया मोबाइल शॉप बंद होने के बाद चोरों ने दुकान को निशाना बनाया। आरोपियों ने शटर के दोनों ताले काटकर अंदर प्रवेश किया और बिक्री के लिए रखे करीब 150 मोबाइल हैंडसेट लेकर फरार हो गए। अगले दिन दुकान संचालक पंकज कुमार पारिक को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद थाना कुनकुरी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी से खुली वारदात की कड़ी

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही आसपास के होटल और अन्य स्थानों से मिली जानकारी को तकनीकी साक्ष्यों से जोड़ा गया। जांच में सामने आया कि वारदात को दो आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया था।

तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस एक संदिग्ध तक पहुंची और उसकी पहचान तौसीफ रजा के रूप में हुई। इसके बाद विशेष पुलिस टीम झारखंड रवाना की गई और लगातार पतासाजी के बाद आरोपी को पकड़ लिया गया।

मोबाइल दुकानों की रेकी कर वारदात को दिया अंजाम

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर मोबाइल दुकानों को निशाना बनाने की योजना बना रहा था। दोनों ने झारखंड से निकलकर ओडिशा, आंध्रप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल दुकानों की रेकी की थी। इसी दौरान कुनकुरी की कठौतिया मोबाइल शॉप को चोरी के लिए चुना गया।

घटना की रात दोनों आरोपी दुकान के पीछे पहुंचे और औजार से शटर के ताले काटकर अंदर घुस गए। मोबाइल फोन पिट्ठू बैग में भरने के बाद दोनों वहां से निकल गए। बाद में मोबाइल के डिब्बे और कवर अलग कर झाड़ियों में फेंक दिए गए और हैंडसेट लेकर फरार हो गए।

चोरी के मोबाइल साथी के पास, दूसरा आरोपी फरार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए मोबाइल फोन उसके दूसरे साथी के पास हैं। पुलिस ने दूसरे आरोपी की पहचान कर ली है, लेकिन वह अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी और करीब 150 चोरी के मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिट्ठू बैग और मोबाइल हैंडसेट जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इनकी रही अहम भूमिका

कार्रवाई में निरीक्षक राकेश यादव, निरीक्षक गौरव पांडे, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर प्रसाद वारले, पीएसआई देविका मंडावी, नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक चंद्र शेखर बंजारे एवं आरक्षक नंदलाल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



Post a Comment

Previous Post Next Post