कबाड़ से जुगाड़ थीम पर बच्चों ने बनाई आकर्षक राखियां, संकुल समन्वयक ने की सराहना
जिला जांजगीर चांपा
बम्हनीडीह। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, बम्हनीडीह में शनिवार, 1 अगस्त 2026 को आयोजित शनिवार विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने "कबाड़ से जुगाड़" थीम पर अनुपयोगी सामग्री से सुंदर एवं आकर्षक राखियों का निर्माण किया। बच्चों की रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बम्हनीडीह संकुल समन्वयक श्री दुष्यंत सिंह राज ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई राखियों का अवलोकन कर उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों की सृजनात्मक क्षमता को विकसित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देती हैं।
शाला की प्रधान पाठक श्रीमती अर्चना डनसेना ने विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। राखी निर्माण में श्रीमती कुमुदिनी शराफ एवं श्रीमती मंजूषा मिंज ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। वहीं श्री छतराम राज एवं श्री लखन लाल जायसवाल ने बच्चों के हुनर की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में श्रीमती रंजना साहू की भी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के समापन पर श्रीमती पूर्णिमा तिवारी ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट कार्यों पर प्रकाश डालते हुए उनकी सृजनात्मक सोच और मेहनत की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने बच्चों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए ऐसे नवाचारपूर्ण कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया

