जांजगीर में बिना नियम पटाखों का भंडारण करने पर पुलिस की रेड; 160 किलो पटाखे जब्त, आरोपी राहुल महंत के खिलाफ मामला दर्ज



जांजगीर-चांपा। दीपावली पर्व को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 1 क्विंटल 60 किलोग्राम पटाखे, जिनकी अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किए हैं।

वार्ड क्रमांक 20 में पुलिस की रेड

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में जिले में जुआ, सट्टा तथा अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी दौरान थाना सिटी कोतवाली पुलिस को अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किए जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल महंत, निवासी वार्ड क्रमांक 20, जांजगीर, के कब्जे से भारी मात्रा में पटाखे बरामद कर जब्त किए।

विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने इस मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 866/2026 दर्ज किया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 288 तथा विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(ख)(1)(ख) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस की इस कार्रवाई को दीपावली के दौरान अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक दिलीप सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, सहायक उप निरीक्षक मुकेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद राठौर, भीम श्रीवास सहित थाना कोतवाली के पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

पुलिस की आम नागरिकों से अपील

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दीपावली पर्व के दौरान पटाखों का क्रय-विक्रय एवं भंडारण निर्धारित नियमों के अनुरूप ही करें। अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का भंडारण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post