रायगढ़ जिले के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सीतापुर ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक युवक की हत्या उसके ही दोस्त ने मामूली विवाद के चलते की थी। आरोपी ने लोहे के कड़े और ईंट से हमला कर युवक को मौत के घाट उतार दिया।
सामुदायिक शौचालय के पास मिला था युवक का शव
15 मई 2026 की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि सीतापुर स्थित सामुदायिक शौचालय के सामने एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान भगवानपुर निवासी 21 वर्षीय तिलक वर्मा के रूप में की। युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले थे, जिसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में दोस्त पर गहराया शक
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना वाली रात मृतक तिलक वर्मा और उसका दोस्त अमन बसोड़ टावर मैदान में साथ थे। दोनों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। घटना के बाद से अमन फरार था, जिससे पुलिस का शक उस पर गहराया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को छातामुड़ा क्षेत्र से हिरासत में लिया।
आरोपी ने कबूला जुर्म
पूछताछ में आरोपी अमन बसोड़ ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि पहले टावर मैदान और फिर गांव के बोरिंग के पास दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बावजूद दोनों साथ घूमते रहे और रात में सीतापुर पहुंचे। वहां शराब नहीं मिलने पर दोनों सामुदायिक भवन के पास बैठे थे, जहां पुरानी बात को लेकर फिर विवाद शुरू हो गया। गुस्से में आरोपी ने पहले हाथ में पहने लोहे के कड़े से हमला किया, फिर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर तिलक की हत्या कर दी।
पुलिस ने जब्त किए अहम साक्ष्य
कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का कड़ा और वारदात के समय पहने कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि हत्या जैसे गंभीर अपराध कर फरार होने वाले आरोपियों को रायगढ़ पुलिस लगातार गिरफ्तार कर रही है। अपराधियों को कानून से बचने का कोई मौका नहीं दिया जाएगा और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
