जशपुर/पत्थलगांव:
जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड से प्रशासनिक हलके की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। छात्रावास-आश्रमों के सुव्यवस्थित संचालन और कड़े पर्यवेक्षण को ध्यान में रखते हुए जशपुर कलेक्टर ने एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक, पत्थलगांव के प्रभारी मंडल संयोजक श्री परमानंद पैंकरा को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया गया है।
मूल स्थापना में भेजे गए परमानंद पैंकरा
आदेश के अनुसार, प्रभारी मंडल संयोजक के पद पर कार्यरत श्री परमानंद पैंकरा (मूल पद: शिक्षक LB) को उनके इस प्रभार से मुक्त करते हुए उनकी मूल पदस्थापना संस्था, पूर्व माध्यमिक शाला, छैराघोधरा (विकास खण्ड-कांसाबेल, जिला-जशपुर) के लिए वापस भेज दिया गया है। अब उनके वेतन-भत्ते का आहरण भी उनकी मूल पदस्थापना संस्था से ही किया जाएगा।
श्री मनीष कुमार पैंकरा संभालेंगे पत्थलगांव की कमान
प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए कलेक्टर कार्यालय ने श्री मनीष कुमार पैंकरा (अधीक्षक श्रेणी-'स', शासकीय प्राथमिक स्तर अ.ज.जा. बालक आश्रम, चोंगरीबहार, विकास खण्ड-कांसाबेल) पर भरोसा जताया है। उन्हें आगामी आदेश पर्यंत तक मंडल संयोजक, पत्थलगांव, जिला-जशपुर का प्रभार सौंप दिया गया है।
कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल प्रभावी हुआ आदेश
कार्यालय कलेक्टर (आदिम जाति कल्याण शाखा) जिला-जशपुर द्वारा दिनांक 16 जून 2026 को यह आदेश जारी किया गया है। विभाग की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा, ताकि विकासखंड के अंतर्गत आने वाले छात्रावासों और आश्रमों की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई न हो।
प्रशासनिक गलियारों में इस फेरबदल को क्षेत्र की व्यवस्थाओं को सुधारने और कड़ा संदेश देने के रूप में देखा जा रहा है।
