मित्रता दिवस विशेष: निस्वार्थ प्रेम, विश्वास और समर्पण का पावन पर्व



जिला जाजगीर चापा 

हर वर्ष अगस्त के प्रथम रविवार को मनाया जाने वाला मित्रता दिवस (Friendship Day) केवल शुभकामनाओं का दिन नहीं, बल्कि उन अनमोल रिश्तों के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है जो जीवन के हर सुख-दुःख में हमारे साथ अडिग होकर खड़े रहते हैं। भारतीय सनातन संस्कृति में मित्रता को केवल एक सामाजिक संबंध नहीं, बल्कि आत्मिक जुड़ाव, विश्वास, कर्तव्य और निस्वार्थ प्रेम का सर्वोच्च प्रतीक माना गया है।

मित्रता ऐसा रिश्ता है जिसकी मजबूत नींव पर जीवन के अनेक संबंध टिके होते हैं। इसे किसी एक सीमा या परिभाषा में नहीं बांधा जा सकता। भक्त और भगवान से लेकर इंसान और प्रकृति तक, हर संबंध में सच्ची मित्रता की झलक दिखाई देती है। यही कारण है कि मित्रता को मानव जीवन की सबसे सुंदर और पवित्र भावनाओं में गिना जाता है।

पौराणिक आदर्शों से मिलती है सच्ची मित्रता की सीख

भारतीय संस्कृति में मित्रता की अनेक प्रेरणादायक मिसालें आज भी समाज को सही दिशा देती हैं।

श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता सिखाती है कि सच्चे मित्र के लिए धन-दौलत, पद या प्रतिष्ठा का कोई महत्व नहीं होता। द्वारकाधीश श्रीकृष्ण ने अपने निर्धन सखा सुदामा का जिस आत्मीयता से स्वागत किया, वह आज भी निस्वार्थ मित्रता का सर्वोच्च उदाहरण माना जाता है।

इसी प्रकार भगवान श्रीराम ने सुग्रीव, केवट और जटायु जैसे साथियों के साथ मित्रता निभाकर यह संदेश दिया कि सच्चा मित्र वही है जो कठिन समय में साथ खड़ा रहे और हर परिस्थिति में सहयोग का हाथ बढ़ाए।

मित्रता का संदेश

उम्र और रिश्तों के बंधनों से परे, मित्र जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होते हैं। प्रेम, त्याग, विश्वास और अपनापन ही इस रिश्ते की सबसे बड़ी पहचान है। जीवन की कठिन राहों में मित्र ही वह सहारा बनते हैं जो निराशा के अंधेरे में उम्मीद की रोशनी जगाते हैं।


"उम्र और रिश्तों के बंधन से परे,

सबसे अलग और खास होते हैं मित्र।

प्रेम और त्याग के धागे से बंधे,

अटूट विश्वास होते हैं मित्र।

जीवन की कड़वाहटों के बीच,

मधुर मिठास होते हैं मित्र।"


सभी पाठकों को मित्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ। 🤝



Post a Comment

Previous Post Next Post